राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह का जैतहरी में हुआ शुभारंभ
अनूपपुर। नेहरू युवा केन्द्र द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी के प्रांगण में रविवार 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस/सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर हुआ। इस अवसर पर सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी के प्राचार्य डॉ. दीपक उरमलिया, डॉ. पुष्पेन्द्र नामदेव, प्रेमप्रकाश मिश्रा, नेहरू युवा केन्द्र अनूपपुर के दिनेश विश्वकर्मा, रामगोपाल राठौर सहित विद्यालय के समस्त स्टॉफ एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र अनपपुर के दिनेश विश्वकर्मा ने सप्ताह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए सहभागी बनने की अपील की तथा स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके बताए हुए मार्ग पर चलने की बात कही। कार्यक्रम में स्वस्थ शरीर एवं मन के लिए सूर्य नमस्कार भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक दिनेश सिंह चंदेल द्वारा किया गया।


