शिवगंज तहसील के पोसालिया कस्बे में स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में मंगलवार को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा जिंदल राठौड़ के सम्मान में था, जो 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर बिलासपुर, छत्तीसगढ़ से लौटी थीं। स्कूल परिवार ने छात्रा जिंदल राठौड़ का भव्य स्वागत किया। महिला शिक्षिकाओं ने उन्हें तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षिका गजराज कंवर का भी स्वागत किया गया। संस्था प्रधान योगेश कुमार सारस्वत ने जिंदल को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान, छात्रा के पिता छगनलाल मेघवाल ने स्कूल को 11,000 रुपए नकद और 25,000 रुपए अनुमानित कीमत का एक सलाईगर भेंट करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में छात्रा के माता-पिता, सम्मानित ग्रामीण, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित लोगों में मदनलाल, बाबूसिंह राव, रविदत्त चारण, उम्मेद सिंह, कविता कुमारी, गोविंद सिंह, कल्पना यादव, जयकृष्ण भारद्वाद, दुष्यंत सिंह, महेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, अंजलि भाटी, गीता देवी और अंशी देवी शामिल थे।


