लुधियाना| राहगीरों को निशाना बनाकर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को थाना डेहलों की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव लुहारा निवासी मोहम्मद समीर और गुरु नानक नगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। जांच अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पैरागन स्कूल के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना डेहलों पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान कई और वारदात के खुलासे होने की उम्मीद है।


