भास्कर न्यूज | महासमुंद पुलिस ने सोरिद मार्ग पर राहगीर के साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना 9 फरवरी की रात करीब 7:45 बजे की है। प्रार्थी लिलेशपाल (42) काम खत्म कर अपने घर सोरिद जा रहे थे। नयापारा नर्सरी के पास घात लगाकर बैठे तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोका और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की और उनके पास रखे 4800 रुपये नगद व मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। इसी दिन तीन अन्य युवकों से भी लूटपाट की घटना हुई थी। जिसको लेकर भास्कर ने 11 फरवरी के अंक में छात्राओं से जहां छेड़छाड़, वहीं अब लूटपाट, चाकू मारकर बोला रिपोर्ट कराई तो मौत की सजा देंगे शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। एसपी के फटकार के बाद पुलिस की टीम लुटेरों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने जब जांच के जाल बिछाए, तो संदेह की सुई तीन किशोरों पर जाकर टिकी। कड़ी पूछताछ और शिनाख्तगी के बाद पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 2 मोबाइल, घटना में प्रयुक्त काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (सीजी 04 सीएक्स 9757) को जब्त किया है। पकड़े गए तीनों किशोरों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। थाना महासमुंद में बीएनएस की विभिन्न धाराओं (296, 115(2), 351(3), 308(2)) में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर पैनी नजर एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अपराध चाहे छोटा हो या बड़ा, कानून का हाथ हर अपराधी तक पहुंचेगा। संपत्ति संबंधी अपराध व मारपीट जैसी घटनाओं पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसी हरकतों को अंजाम देने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


