कांग्रेस और उसके नेता बाहरी ताकतों के प्रभाव में कर रहे कार्य : बाबूलाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। कहा कि राहुल गांधी का हालिया बयान, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल आरएसएस और भाजपा से नहीं, बल्कि भारतीय राज व्यवस्था से भी है, बेहद चिंताजनक और विभाजनकारी है। कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेता बाहरी शक्तियों, जैसे जॉर्ज सोरोस और उनके समर्थकों के प्रभाव में काम कर रहे हैं। यह भी कहा कि यह बयान भारतीय राजनीति में एक खतरनाक मोड़ है, जो यह दर्शाता है कि कुछ नेता देश के हितों से अधिक अपनी राजनीति और बाहरी ताकतों के दबाव को प्राथमिकता दे रहे हैं। मरांडी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपील करते हुए कहा कि वे इस प्रकार की देश विरोधी और विभाजनकारी बयानबाजी पर सख्त कदम उठाएं। यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि भविष्य में इस तरह के बयान न दिए जाएं और देश के खिलाफ बोलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मरांडी पहले अपने गिरेबां में झांक कर देखें : राजेश प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बाबूलाल मरांडी को नसीहत दी है कि वे कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर आरोप लगाने के पहले अपने गिरेबां में झांके। राहुल गांधी के पूर्वजों ने इस देश के लिए अपना बलिदान दिया है। गांधी परिवार के देशप्रेम पर कोई सवाल ही नहीं खड़ा कर सकता है। बाबूलाल मरांडी को इनपर आरोप लगाने का नैतिक अधिकार नहीं है। राजेश ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने जो भी बयान दिया है, सच वही है। सच कड़वा होता है। बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि वे किसके प्रभाव में या क्यों इस तरह का बयान दे रहे हैं। उनको अपने उन बयानों को भी याद करना चाहिए, जिसमें कहा था कि वे भाजपा में कभी शामिल नहीं होंगे।


