पलामू पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी को मिली सूचना के आधार पर सदर थाना से एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। शनिवार रात नौ बजे पुलिस टीम ने टोल प्लाजा चुकरु के पास निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति डालटनगंज की ओर से आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया। दोनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने तत्परता से पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। हाईवे निर्माण स्थल में करना था फायरिंग पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों अभियुक्त राहुल दुबे गैंग के सदस्य हैं। वे चियांकी से पोलपोल (सतबरवा) में हाइवे निर्माण साइट पर गोलीबारी करने जा रहे थे। इस घटना के संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 77/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश कुमार (24 वर्ष) और रजनीकांत मेहता (22 वर्ष) के रूप में हुई है। राकेश लोहरसी, थाना पिपराटांड़ का निवासी है। रजनीकांत लोहड़ी, थाना पड़वा का रहने वाला है। हथियार, गोली, मोबाइल व बाइक जब्त पुलिस ने दोनों के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट (JH03T-4239) लगी थी। छापामारी दल में सदर थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी रंजित कुमार, मनोज मुण्डा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। दोनों अभियुक्तों को 3 अगस्त 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।