भास्कर न्यूज | जांजगीर राहौद नगर में डॉ. गीत प्रसाद गुप्ता की स्मृति में श्री संदीपनी महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राहौद नगर और एमजीएम नेत्र संस्थान रायपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीण व नगरवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आंखों की जांच कराई। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल 252 मरीजों की नेत्र जांच की और उन्हें उचित परामर्श दिया। जांच के दौरान 58 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। इनमें से 38 मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए बस के माध्यम से रायपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रवाना किया गया। इसके अलावा 87 जरूरतमंद लोगों को अंजोर फाउंडेशन ने निःशुल्क चश्मे बांटे। शिविर के आयोजक और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया कि कई असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोग इलाज के लिए बाहर नहीं जा पाते हैं। ऐसे जरूरतमंदों को ध्यान में रखते हुए राहौद नगर में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया, ताकि हर व्यक्ति अपनी आंखों से संबंधित समस्या की जांच और उपचार की सुविधा प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। जीपीडी ग्रुप के संयोजक प्रहलाद देवांगन ने कहा कि उनका फाउंडेशन निरंतर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है और आगे भी सभी के सहयोग से सेवा कार्य जारी रखेगा। शिविर को सफल बनाने में सुरेंद्र पटेल, देवेंद्र चंद्राकर, धनंजय श्रीवास, अमन अनंत, दिलीप देवांगन, संदीप निर्मलकर, योगेश निषाद, नीतीश चंदेल, तरुण देवांगन, उत्तम बंजारे, संदीप चौहान, रोहित देवांगन, संतोष साहू, सौरभ तिवारी, गौरव यादव, शानू पैकरा, तरुण अनंत, शैलेंद्र पटेल, निखिल सिंह, सुनील कश्यप, लंकेश्वर देवांगन आदि का सहयोग रहा।


