रिचार्ज पीट बनाने बोरिंग करते पाइपलाइन में आया लीकेज, 12 स्थानों पर भेजा टैंकर

भास्कर न्यूज | कोरबा कोसाबाड़ी रोड पर सीएसईबी कॉलोनी के किनारे रिचार्ज पीट बनाने के लिए बोरिंग खुदाई के दौरान मेन पाइप लाइन में छेद होने से पानी लीकेज होने लगा। इसे ठीक करने शनिवार को शहर के वार्डों में पानी आपूर्ति बंद करनी पड़ी। डिमांड आने पर 12 जगहों पर टैंकर से पानी की आपूर्ति की गई। नगर निगम बारिश के पानी को जमीन के नीचे ले जाने के लिए 10 जगहों पर वॉटर रिचार्ज पीट बना रहा है। इसके लिए कोसाबाड़ी रोड पर ब्लू वर्ल्ड स्कूल के सामने बोरिंग कराई जा रही थी। ठेका कंपनी के लोगों को यह पता भी नहीं था कि नीचे से पाइपलाइन गुजरी है। बोरिंग करते समय पाइप में छेद हो गया। इसकी वजह से पानी लीकेज होने लगा। बोरिंग को बंद कराने के बाद पाइप की मरम्मत शुरू कराई गई। इसकी वजह से शहर के वार्डों में पानी आपूर्ति बंद करनी पड़ी। कोसाबाड़ी, कोरबा, टीपी नगर के वार्डों के घरों में पानी नहीं पहुंचा। शहर में पानी की आपूर्ति कोहड़िया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से होती है। ओवरहेड टैंक कोसाबाड़ी में है। यहां से ही छोटी टंकियों को भरा जाता है। इसके बाद घरों में पानी की आपूर्ति होती है। इसी वजह से पूरे शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। दोपहर में पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी रहा। शाम को टंकियों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके बाद भी कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। वार्डों में सुबह और शाम 1-1 घंटे पानी की आपूर्ति होती है। पड़ोसियों के घरों से किया गया पानी का इंतजाम: रामपुर के साथ ही तुलसी नगर, चिमनीभठ्ठा मैगजीन भाठा में लोगों ने टैंकर की मांग की। रामपुर के दीपक कौशिक ने बताया कि पानी आपूर्ति बंद रहने की सूचना नहीं थी। इसकी वजह से पड़ोसी के घर से पानी लेना पड़ा। कई लोग टैंकर से पानी भरते रहे। कोहड़िया में 80 एमएलडी क्षमता का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट है। यहां से 67 वार्डों में पानी आपूर्ति की जाती है। 6 एमएलडी क्षमता का पुराना ट्रीटमेंट प्लांट है। यहां से शहर को पानी आपूर्ति होती है। पश्चिम क्षेत्र के लिए अलग से ट्रीटमेंट प्लांट बना हुआ है। इस वजह से बाकी क्षेत्रों में पानी आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई। लीकेज सुधारा गया अब आपूर्ति सामान्य ^पाइप लाइन में लीकेज से ही पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। लोगों की मांग के अनुसार टैंकर भेजे गए हैं। सुधार हो गया है, अब आपूर्ति सामान्य होगी। -राकेश मसीह, ईई, नगर निगम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *