उज्जैन में रिटायर्ड बैंक अफसर के यहां आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने छापा मारा। टीम को करीब 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति का पता चला है। रिटायर्ड अफसर के यहां 8 लाख कैश और अचल संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद किए हैं। केंद्रीय बैंक में सहायक प्रबंधक रहे अनिल सुहाने के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकायत मिली थी। जिसके बाद शनिवार करीब 12 बजे ईओडब्ल्यू और पुलिस की 30 सदस्यों की टीम कार्रवाई करने बंसत विहार स्थित घर पहुंची। छापे में अब तक दो बड़े मकान, दो दुकान सहित तीन बैंक लॉकर की जानकारी हाथ लगी है। कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी मिले
EOW एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि करीब तीन घंटे से ज्यादा समय से सर्चिंग चली। सुहाने के पास 1500 स्क्वायर फीट का एक मकान के साथ 2500 स्क्वायर फीट में बना चार मंजिला मकान भी है। उज्जैन के वा बाजार में दो दुकानें, दो प्लॉट, तीन गाड़ी भी मिली हैं। टीम को उज्जैन में कुछ कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। इसकी आकलन किया जा रहा है। 3000 रुपए सैलरी से की थी शुरुआत
सोनी ने बताया कि सुहाने पर पहले भी बैंक में ऋण संबंधी भ्रष्टाचार को लेकर शिकायतें मिली थी। सुहाने 1992 में 3000 रुपए प्रतिमाह की नौकरी पर लगे थे। इस हिसाब से सुहाने की अब तक की आय 70 लाख रुपए की होना चाहिए थी। लेकिन उनके पास से करोड़ों की संपत्ति मिली है। सुहाने हाल ही में 31 दिसम्बर 2024 को बैंक के सहायक प्रबंधक के पद से रिटायर हुए हैं।


