रिम्स में 6 दिनों तक चले इलाज के बाद चोरी के आरोपी को भेजा जेल

भास्कर न्यूज| गिरिडीह पचंबा पुलिस ने बाइक और सबमर्सिबल पंप चोरी के मामले में जिस प्रेम पासवान को 6 दिन पूर्व गिरफ्तार किया था। उसे रिम्स में इलाज के बाद गिरिडीह लाकर न्यायिक हिरासत में शनिवार को जेल भेज दिया है। प्रेम पासवान को पचंबा थाना की पुलिस ने 22 दिसंबर को उसके घर करहरबारी से दबोचा था। जब उसे पुलिस पकड़कर थाना ला रही थी उसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई थी। उसे तुरंत पुलिस सदर अस्पताल इलाज के लिए लाई थी, लेकिन उसकी हालत काफी खराब हो गई थी। जिसे पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में भेज दिया गया था। 6 दिनों तक रिम्स में उसका इलाज हुआ। जहां पर चिकित्सकों ने जब उसे पूरी तरह से स्वस्थ बताया। उसके बाद ही पुलिस गिरिडीह लाकर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर से ही सबमर्सिबल पंप बरामद हुआ था। मालूम हो कि प्रेम की गिरफ्तारी के बाद जब उसकी तबीयत खराब हुई थी, उस दौरान घर के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर घायल करने का आरोप भी लगाया था, उस दौरान थाना से लेकर सदर अस्पताल मे परिजनों ने हंगामा भी किया था। पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए थे, पुलिस ने बताया था कि आरोपी के साथ मारपीट नहीं हुई थी। उसे बीमारी का दौरा पड़ा था। ऐसे में परिजन भी उसे देखने रिम्स चले गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार प्रेम पासवान शहर में लगातार घटना को अंजाम दे रहा था। पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी से समर सेबल पंप और अल्कापुरी चौक पर से बाइक चोरी कांड में संलिप्तता थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *