रिवाल्वर तानकर मारने की कोशिश की:न्यू क्लॉथ मार्केट किडनैप मामले में घायल बोला -पुलिस की नाकाबंदी से बची जान

चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार रात न्यू क्लॉथ मार्केट में हुए युवक अपहरण कांड में गुरुवार को नया खुलासा सामने आया है। बोरदा निवासी कालूलाल माली ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपियों ने उस पर रिवाल्वर तानकर मार डालने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस को समय पर सूचना मिल जाने और चारों तरफ नाकाबंदी हो जाने से वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। कालूलाल ने बताया कि वह बुधवार शाम अपना मोबाइल बूंदी रोड स्थित बाजार में ठीक करवाने गया था। इसी दौरान किशन माली और रतन माली ने उसकी रेकी की और कुछ ही देर में सात-आठ लोगों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे जबरन पकड़ लिया, आंखों और मुंह में मिर्ची डाल दी और चाकू लगाकर धमकाया। इसके बाद उसे स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर ले जाया गया। पीड़ित का कहना है कि रास्ते में उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया गया और उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। गंगरार में घेराबंदी, डेढ़ घंटे में छुड़ाया गया युवक कालू माली के अनुसार उसे पहले बस्सी रोड से दरगाह की ओर और फिर सैमलपुरा के पास कच्चे रास्ते पर ले जाया गया। वहां एक मंदिर के पास गाड़ी रोकी गई, जहां दो आरोपियों ने उस पर पिस्तौल तान दी। उसने बताया कि आरोपियों के बीच आपस में फोन पर बातचीत हो रही थी और कुछ लोग उसे मारकर फेंक देने की बात कह रहे थे। इसी बीच पुलिस की सख्त नाकाबंदी की सूचना मिलते ही घबराए आरोपियों ने हथियार बाइक पर आए दूसरे साथियों को सौंपकर भागने की कोशिश की, लेकिन गंगरार क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। कोतवाली, गंगरार, साडास और आसपास के थानों की संयुक्त कार्रवाई में महज डेढ़ घंटे के भीतर युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। इस दौरान कालूलाल को चाकू लगने से चोट आई, जिसे मेडिकल के लिए भेजा गया। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक दिन की रिमांड मिली है। पुरानी रंजिश या साजिश? जांच में जुटी पुलिस पीड़ित ने किशन माली का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उसे पहले भी 26 तारीख को कुछ लोगों ने उठाने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय गांव वालों ने बचा लिया था। उसने कहा कि उसका किसी से सीधा विवाद नहीं था, लेकिन रिश्तेदारी के एक पुराने मामले को लेकर कुछ लोग उसके खिलाफ हो गए थे और उसी कारण यह साजिश रची गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है, हालांकि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत फैल गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई से युवक की जान बच गई। गुरुवार को दिनभर इस मामले को लेकर चर्चा बनी रही और आमजन ने पुलिस की तुरंत कार्रवाई की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *