रिश्ता होने के बाद लड़के वालों से 23 लाख ठगे:शादी से मना करते हुए लड़की का दूसरी जगह रिश्ता तय किया, मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज

रिश्ता तय होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने आस्ट्रेलिया गए लड़के और उसके परिवार के सदस्यों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपए ले लिए। लाखों रुपयों की शॉपिंग की और रिश्ता तय होने के समय दिए गए जेवरात भी हड़प लिए। बाद में शादी करने से मना कर दिया और लड़की का रिश्ता किसी और लड़के के साथ तय कर दिया। इस संबंध में टिब्बी पुलिस थाने में लड़की और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। एसपी के आदेश पर दर्ज हुए मुकदमे में सुखचरणजीत सिंह पुत्र बलंवत सिंह जटसिख निवासी गांव नाईवाला ने बताया कि उसके बेटे गगनदीप सिंह का रिश्ता महकप्रीत कौर पुत्री गुरविन्द्र सिंह जटसिख निवासी महम्मुदपुर गढीनजीर नजदीक समाना मंडी जिला कैथल हरियाणा के साथ किया था। उसका पुत्र गगनदीप सिंह आस्ट्रेलिया गया हुआ है। महकप्रीत कौर के परिजनों ने रुपयों के लालच में रिश्ता तय कर लिया। महकप्रीत कौर व उसकी मां कुलविन्द्र कौर ने मिलकर उसके पुत्र गगनदीप सिंह से 5 लाख 60 हजार रुपए आस्ट्रेलिया से मंगवाकर अपने बैंक खाता में डलवा लिए। इसके अलावा अलग-अलग समय में उन्होंने महकप्रीत कौर को 6 लाख 50 हजार रुपए की शॉपिंग करवाई। वहीं 3 लाख 20 हजार रुपए अपने परिचितों के खातों से फोन पे व गुगल पे करवाए। इसी प्रकार उसके स्वयं के खाते में से 3 लाख 65 हजार रुपए भी महकप्रीत कौर वगैरा के खाते में ट्रांसफर किए। रिश्ता करने के दौरान उन्होंने करीब तीन लाख रुपए कीमत के साढ़े चार तौला सोने के आभूषण महकप्रीत कौर वगैरा को सौंपे थे। अब जब उन्होंने शादी करने के लिए कहा तो महकप्रीत व उसके परिजनों ने शादी से मना कर दिया व महकप्रीत कौर का रिश्ता किसी अन्य लड़के के साथ तय कर दिया। सुखचरणजीत सिंह के अनुसार महकप्रीत कौर व उसकी माता ने मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी कर करीब 23 लाख रुपए हड़प लिए। महकप्रीत कौर व उसकी मां ने कुलविन्द्र कौर ने अपना पासपोर्ट बनवा रखा है। ये दोनों कभी भी उनके रुपए लेकर विदेश भाग सकती हैं। पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई भूपसिंह को सौंपी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *