रिश्वत देकर आर्मी में लगा नौकरी, फिर दूसरा निकाह किया:विवाहिता का आरोप- पति फर्जीवाड़े से सेना में भर्ती हुआ, मारपीट कर मेरे गहने बेचे

अलवर में एक ऐसा केस सामने आया है, जिसमें विवाहिता ने अपने फौजी पति की नौकरी पर सवाल उठाया है। विवाहिता का आरोप है कि उसका पति गलत तरीके से सेना में भर्ती हुआ है। वहीं नौकरी लगने पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया और दूसरी शादी कर ली। विवाहिता ने सदर थाने में पति समेत 7 पर नामजद मामला दर्ज कराया है। पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, दूसरी शादी की जांच कराने और उसके स्त्रीधन को सुरक्षित दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पति और ससुराल वालों ने किया प्रताड़ित रिपोर्ट में विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 9 जुलाई 2017 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में फ्रिज सहित अन्य सामान की मांग करने लगा। साल 2020 के करीब उसके पति की आर्मी में नौकरी लग गई। पति ने नौकरी के लिए लाखों रुपए रिश्वत में दिए, जिसके लिए उसके मेहर और सोने-चांदी के गहने भी बेच दिए। पति ने भर्ती के दौरान खुद को अविवाहित बताते हुए शपथ-पत्र दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि आर्मी में नौकरी लगते ही पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने फोन पर बातचीत करना बंद कर दिया। छुट्टी में घर आने पर भी उससे दूरी बनाए रखी। पति पर दूसरी शादी करने का लगाया आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति का अन्य महिलाओं से अवैध संबंध थे। लंबे समय तक उनसे फोन पर बात करता था। वहीं सास-ससुर और देवर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। खाने-पीने की पाबंदी, इलाज के लिए पैसे न देना और मारपीट करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। बीमार होने पर वह मायके आ गई, लेकिन कई महीनों तक उसे वापस लेने कोई नहीं आया। महिला ने आरोप लगाया कि दिसंबर में छुट्टी पर आए पति ने शहर में किराए का कमरा लेकर दूसरी महिला से शादी कर ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *