रिहंद डैम में डूबे युवक का शव बरामद:22 घंटे बाद SDRF ने निकाला, रील बनाते समय हुआ था हादसा

सिंगरौली जिले के रिहंद डैम में डूबे 18 वर्षीय युवक संतोष कुमार शाह का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। वह सोमवार दोपहर नाव से गिरकर लापता हो गया था। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 22 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को डैम से निकाला। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान हुआ। युवक चलती नाव में खड़े होकर वीडियो बना रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह रिहंद डैम के गहरे पानी में गिरकर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार से ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। पानी की गहराई और डैम के फैलाव के कारण तलाश अभियान में काफी कठिनाई आ रही थी। पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार शाह अपने दोस्तों के साथ डैम घूमने आया था। वह स्थानीय मछुआरों की नाव में सवार होकर पानी के बीच पहुंचा था। हादसे के समय नाव चल रही थी और युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की विवेचना की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के लिए रील या वीडियो बनाने के दौरान जान जोखिम में डालने वाले स्टंट से बचें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *