रींगस में सूने मकान से नगदी और जेवरात चोरी हो गए। पीड़ित बारिश होने के कारण शुक्रवार रात को पुराने मकान पर नहीं जा सका। ऐसे में दिन में गया तो गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। घटना नगर पालिका क्षेत्र के चौपड़ बाजार की है। पीड़ित मकान मालिक सुमित मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनका चौपड़ बाजार में पुराना मकान है। रोजाना रात में सोने के लिए मकान पर जाते है, लेकिन शुक्रवार रात में बारिश होने पर वो पुराने मकान पर नहीं जा सके। दिन में मकान पर गए तो ताले टूटे हुए थे। चोरों ने मकान व कमरों के ताले तोड़े और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे हुए 22 हजार रुपए, कान में पहनने के सोने के टॉपस, 4 सोने के कांटे, 2 जोड़ी चांदी की बिछिया, 2 जोड़ी चांदी की पायजेब चोरी करके ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस थाने की एसआई दिप्ती रानी ने बताया कि चौपड़ बाजार में कृष्ण कुमार मिश्रा के मकान में चोरी हुई है। जिसकी सूचना सुमित मिश्रा ने दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


