रीवा में दो समिति प्रशासकों को नोटिस जारी:धान खरीदी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई; अब तक 15387 किसानों से हुई खरीदी

रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने समर्थन मूल्य में धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले दो समिति प्रशासकों को कारण बताओ नोटिस दिया है। जिनके वेतन रोकने और निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करने का नोटिस भी जारी कर दिया गया है। समिति प्रशासकों के द्वारा धान खरीदी केंद्र पर उचित व्यवस्थाएं नहीं की गई थी। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रावधान के तहत की गई है। कलेक्टर ने समिति प्रशासक विकासखण्ड जवा, विकास माठे और समिति प्रशासक त्योंथर, अमरीश देव बघेल को नोटिस दिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया- खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्था और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने पर नोटिस दिया गया है। जिले भर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम चल रहा है। ऐसे में किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी है। अब तक 15387 किसानों से खरीदी उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य देने के लिए पंजीकृत किसानों से जिले भर में बनाए गये 92 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है। जिले में 15387 किसानों से अब तक 979544 क्विंटल धान की खरीद की गई है। संयुक्त कलेक्टर और प्रभारी अधिकारी खाद्य पीके पाण्डेय ने बताया कि अब तक की गई खरीदी के लिए किसानों को 225 करोड़ 30 लाख 24 हजार 904 रूपए मंजूर किए जा चुके हैं। किसान अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट बुक करके खरीदी केन्द्र और खरीदी के समय का निर्धारण करके समर्थन मूल्य पर धान दे सकते हैं। खरीदी के लिए अब तक 38 हजार 410 किसानों ने स्लॉट बुक कराये हैं। किसान खरीदी केन्द्रों में सुखाकर और साफ करके धान लाए। जिससे गुणवत्ता के कारण धान के उपार्जन में किसी तरह की परेशानी ना हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *