रीवा के गांधी स्मृति चिकित्सालय में एक 17 वर्षीय नाबालिग ने मृत नवजात को जन्म दिया है। मामला फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद दुष्कर्म का है। पीड़िता को बीती रात परिजनों ने अस्पताल के गायनी वार्ड में भर्ती कराया था। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर सगरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग की पहचान एक युवक से फेसबुक के जरिए हुई थी। ऑनलाइन बातचीत के बाद दोनों की मुलाकातें होने लगीं। इसी दौरान आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने बातचीत बंद कर दी और संपर्क तोड़ लिया। लोक-लाज के कारण चुप रहे परिजन लोक-लाज और सामाजिक दबाव के चलते पीड़िता और उसके परिजन लंबे समय तक चुप रहे। समय पर इलाज और जानकारी न मिलने के कारण मामला गंभीर हो गया। देर रात प्रसव के दौरान उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। आरोपी की तलाश शुरू एसडीओपी उदित मिश्रा ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी रीवा शहर का ही रहने वाला है, जिसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


