रीवा के गोविंदगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम टीकर में रविवार को नहर में एक बारहसिंघा गिर गया। सूचना मिलने पर SDRF की टीम और गोविंदगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तकरीबन 1 घंटे तक रस्सियों के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जहां कड़ी मशक्कत के बाद बारहसिंघा को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। जिसके बाद उसे वन विभाग को सौंप दिया गया है। बताया गया कि जवान हरिओम मिश्रा और मोतीलाल कोल ने जान की बाजी लगाकर नहर में कूदकर उसकी जान बचाई। जहां काफी मशक्कत के बाद बारहसिंघा को बाहर निकाला जा सका। नहर के बीचों-बीच पानी की गहराई ज्यादा होती है, इसलिए समय से रेस्क्यू करना बेहद जरूरी था। हरिओम मिश्रा ने बताया कि बारहसिंघा पानी पीने के लिए नहर किनारे आया था। जो पैर फिसलने की वजह से गहरे पानी में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने देखा तो बारहसिंघा पानी के बीच जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। समय से पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सफलता पाई।


