भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन और जिला प्रशासन ने महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चैनपुर की सोनहा बिहान आजीविका महिला संकुल संगठन को रुई-बाती निर्माण की 5 मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों से महिला स्व-सहायता समूह आत्मनिर्भर बनेंगे। मशीनों के सफल उपयोग के लिए 8 और 9 मई को दो दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। यह प्रशिक्षण संकुल भवन में हुआ। गुजरात से आए राष्ट्रपति सम्मानित आविष्कारक दीपक भाई पटेल ने प्रशिक्षण दिया। पटेल ने ही इन मशीनों का आविष्कार किया है। उन्होंने महिलाओं को मशीन चलाने की बारीकियां समझाईं। प्रशिक्षण और मशीन स्थापना की निगरानी एनआईएफ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नितिन मौर्य और डॉ. राहुल प्रकाश ने की। इस दौरान कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना की। साथ ही एनआरएलएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देश दिए कि 6 माह में मशीन की उपयोगिता, उत्पादन क्षमता और प्रभाव पर अध्ययन प्रतिवेदन तैयार करें। कलेक्टर ने इस पहल के लिए एनआईएफ की टीम और आविष्कारक पटेल को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार ग्रामीण आजीविका में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। यह मशीनें 20 दीदियों का एक समूह मिलकर चलाएगा। इससे उन्हें स्थायी आय का स्रोत मिलेगा। यह पहल अन्य महिला समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।


