सूरजपुर | विश्व रेडक्रास दिवस पर जिला रेडक्रास सोसायटी सूरजपुर ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बिश्रामपुर की छात्राओं ने सामूहिक रूप से रक्तदान किया। छात्राओं में आफरीन, कलावती, नेहा, हेमंती और सान्या शामिल रहीं। रक्तदान से पहले सभी छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर जांचा गया। सभी पूरी तरह स्वस्थ पाई गईं। इसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से रक्तदान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना की। इसे युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बताया। जिला रेडक्रास सोसायटी के प्रबंध समिति सदस्य विजयराज अग्रवाल ने बताया कि हर साल 8 मई को विश्व रेडक्रास दिवस मनाया जाता है। यह मानव सेवा, भाईचारे और मदद की भावना को बढ़ावा देने का दिन है। विजयराज अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों की जान बचाने का माध्यम है। यह समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि जब कोई अपना जीवन-मृत्यु के संघर्ष में होता है, तब रक्तदान का महत्व और अधिक समझ में आता है।


