बैकुंठपुर | एमसीबी जिले के ब्लॉक भरतपुर क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ जिला खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने ग्राम पंचायत मलकडोल स्थित रेत खदान में छापेमारी कर अवैध लोडिंग में इस्तेमाल की जा रही एक चैन माउंट मशीन और एक हाइवा वाहन को मौके से जब्त किया। खनिज विभाग के अनुसार मलकडोल खदान से लंबे समय से अवैध उत्खनन और मशीनों से रेत लोडिंग की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 25 फरवरी की रात विशेष टीम गठित कर खदान क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मशीन से रेत लोडिंग करते हुए वाहन को पकड़ा। पूछताछ में संबंधित संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद मशीन और हाइवा को जब्त कर लिया गया।


