रेप का दोषी आसाराम इन दिनों उज्जैन आश्रम में है। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आसाराम इंदौर गया था। यहां आश्रम में प्रवचन का वीडियो सामने आने के बाद महाशिवरात्रि पर्व के लिए गुपचुप तरीके से उज्जैन पहुंचा। आसाराम दो दिन से उज्जैन के आगर रोड पर शासकीय धन्वंतरी आयुर्वेदिक अस्पताल में पंचकर्म करवा रहा है। शनिवार दोपहर को वह व्हीलचेयर पर अस्पताल पहुंचा। उसके साथ सुरक्षाकर्मी और अनुयायी नजर आए। आसाराम के उज्जैन पहुंचने की खबर मिलने के बाद देश भर से उसके अनुयायी आश्रम पहुंचने लगे हैं। एक घंटे अस्पताल में रहने के बाद आश्रम लौटा
आसाराम दो दिन से पंचकर्म के लिए आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंच रहा है। आज दोपहर करीब 12:30 बजे दो कार से आसाराम और उसके सहयोगी अस्पताल पहुंचे। यहां किसी को भी कैमरे और मोबाइल निकालने की इजाजत नहीं दी गई। कार से व्हीलचेयर पर बैठकर आसाराम अस्पताल की ओर गया। इस दौरान उसके अनुयायी झुककर आशीर्वाद लेते नजर आए। करीब एक घंटे पंचकर्म कराने के बाद आसाराम अपने सहयोगियों के साथ वापस मंगलनाथ रोड स्थित आश्रम चला गया। सुरक्षा जांच के बाद ही आश्रम में प्रवेश
आसाराम से मिलने की चाह में आश्रम में रोजाना एक हजार से ज्यादा लोग जुट रहे हैं। आसाराम का इंदौर में वीडियो वायरल होने के बाद उज्जैन के आश्रम में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सेवक आश्रम में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को मोबाइल, कैमरा या अन्य गैजेट ले जाने की इजाजत नहीं दी गई है। सभी को आश्रम के बाहर अपने मोबाइल जमा करना अनिवार्य कर दिया है। आश्रम के बाहर तैनात गार्ड बाहर से भी फोटो लेने से रोक रहे हैं।