सतना में दुष्कर्म के एक मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मैहर क्षेत्र से पकड़ा गया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा पुलिस के अनुसार, आरोपी रविराज सिंह कुशवाहा (23 वर्ष), निवासी पिपरवाह, थाना देहात, जिला मैहर, ने कई साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के माध्यम से सतना की एक युवती से दोस्ती की थी। आरोप है कि उसने युवती से शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया और उसे धमकाने लगा। इसके बाद युवती ने पिछले वर्ष फरवरी में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर दुष्कर्म का मामला पंजीबद्ध किया गया। एफआईआर के बाद हुआ था फरार एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। वह सतना, मैहर सहित अन्य जिलों में छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दबिश देकर पकड़ा गया फरवरी के दूसरे सप्ताह में विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मैहर क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


