बिलासपुर जोनल मुख्यालय के जनरल टिकट काउंटर का ताला तोड़कर नकाबपोश चोर घुस गया। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वो काउंटर में घूमते नजर आ रहा है। इससे पहले भी अप्रैल में पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटर में चोर घुस गया था। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राज्य रेल सुरक्षा बल (GRP) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगा है, जो अपने वित्तीय लेनदेन वाले विभाग की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं। रेलवे प्रशासन दावा करता रहा है कि स्टेशन, प्लेटफार्म और ट्रेनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। इसमें रेलवे सुरक्षा बल के साथ ही जीआरपी के जवानों की तैनाती और सतत निगरानी के दावे किए जाते हैं। सुरक्षा के दावों के बीच रेलवे के वित्तीय लेनदेन करने वाले विभाग की सुरक्षा में चोरों ने सेंध लगा दिया। स्टेशन के नजदीक आरपीएफ के जवान दिन-रात तैनात होते हैं। इसके बावजूद मंगलवार की रात चोर गजरा चौक स्थित जनरल टिकट काउंटर में घुस गया। नकाबपोश के हाथ लगे चिल्हर पैसे हालांकि, यहां नकाबपोश चोर को सिर्फ हजार पांच सौ रुपए के चिल्लर ही मिले। क्योंकि, दिनभर टिकटों से मिलने वाले पैसों का पूरा हिसाब कर्मचारी पीआरएस और यूटीएस प्रभारी को देकर रकम जमा कर देते हैं। यही वजह है कि चोर को ज्यादा पैसे नहीं मिले। PRS काउंटर में हो चुकी है चोरी की वारदात इससे पहले, 23 अप्रैल की रात चोर पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटर में चोर घुस गया था। तब भी उसे सिर्फ चिल्हर पैसे ही मिले थे। इस बार नकाबपोश चोर अनरिजर्वड टिकटिंग सिस्टम (UTS) का ताला तोड़ दिया। नकाबपोश चोर ने काउंटर की तलाशी ली और कैमरे के मुंह को भी मोड़ दिया। एक महीने के अंतराल में इस तरह की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही चोरियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। नकाबपोश का सीसीटीवी वीडियो आया सामने मंगलवार की रात ताला तोड़कर काउंटर में घुसे नकाबपोश चोर का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। यूटीएस काउंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरे में चोर भीतर आते हुए दिख रहा है। चोर काले रंग के कपड़े पहने हुए है और चेहरे से लेकर पैर तक सब कुछ कपड़े से ढका हुआ है। चोरी करने से पहले चोर ने कूलर के ऊपर चढ़कर कैमरे की लैंस को ऊपर की ओर मोड़ दिया। काउंटर के अलमारी में उसके पाव के निशान भी हैं। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिस पर पुलिस संदेही की तलाश कर रही है।


