उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से गुरुवार को 69वां विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह उत्सव भवन, रेलवे अधिकारी क्लब, जगतपुरा, जयपुर में हुआ। महाप्रबंधक अमिताभ ने समारोह में बेहतरीन काम के लिए अलग-अलग डिवीजनों और यूनिट्स को 31 शील्ड दी। साथ ही, 61 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों डिवीजनों को अलग-अलग कैटेगरी में कुल 31 शील्ड दी गई। अजमेर डिवीजन को 12 शील्ड मिली और उसे “महाप्रबंधक की बेस्ट परफॉर्मेंस शील्ड” दी गई। जोधपुर डिवीजन को 9, बीकानेर को 8 और जयपुर को 4 शील्ड मिली। जोधपुर डिवीजन “रनर-अप” रहा। जयपुर को 4 शील्ड और 8 रेलकर्मी सम्मानित सीनियर डिविजनल कॉमर्शियल मैनेजर कृष्ण कुमार मीना ने बताया कि जयपुर डिवीजन को डिजिटल पेमेंट प्रमोशन शील्ड (कॉमर्स डिपार्टमेंट), बेस्ट गति शक्ति यूनिट शील्ड (कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट), बेस्ट वर्क एफिशिएंसी शील्ड (पर्सनल डिपार्टमेंट) और राजभाषा जॉइंट शील्ड दी गई। इसके अलावा, जयपुर डिवीजन के 2 अफसरों और 6 कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा अवॉर्ड मिला। सम्मानित होने वालों में सीनियर डिविजनल फाइनेंस मैनेजर निखिल कुमार गर्ग, डिविजनल सिग्नल एंड टेलिकॉम इंजीनियर आदित्य सिंह पाल, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स) श्रवण कुमार यादव, जनरल असिस्टेंट गुल्ली देवी (अलवर), टेक्नीशियन-I सुरेंद्र कुमार सैनी (फुलेरा आरओएच डिपो), चीफ ट्रेन कंट्रोलर धीरज जैमन (जयपुर), कॉन्स्टेबल प्रमोद कुमार (बांदीकुई) और इंस्पेक्टर नरेश यादव (आरपीएफ, जयपुर) शामिल हैं। समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के कल्चरल ग्रुप ने परफॉर्मेंस दीं। सीनियर चीफ पर्सनल ऑफिसर प्रदीप कुमार सिंह ने अतिथियों का वेलकम किया। इस दौरान अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


