रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदली, फुट ओवरब्रिज से एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाना होगा आसान

मानसा जिले को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। करीब 100 वर्ष बाद मानसा को अमृत योजना के तहत आधुनिक रेलवे स्टेशन मिला है। इसे जल्द ही आम जनता को समर्पित किया जाएगा। नए रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक भवन, गाड़ियों के लिए पार्किंग, यात्रियों के लिए वेटिंग रूम, लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज, वाई-फाई, स्वच्छ पेयजल सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गौरतलब है कि मानसा रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1911 के दशक में हुआ था। समय के साथ शहर की आबादी बढ़ती गई, लेकिन रेलवे स्टेशन की सुविधाएं वही की वही रहीं। अब करीब 100 साल बाद केंद्र सरकार ने मानसा समेत कई रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया है। नए रेलवे स्टेशन की भव्य इमारत में यात्रियों के लिए आरामदायक वेटिंग रूम, टिकट घर, स्वच्छ शौचालय, बैठने के लिए आधुनिक बेंच, एलईडी लाइटों से सुसज्जित प्लेटफार्म, पहले प्लेटफार्म से दूसरे और तीसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए फुट ओवरब्रिज व लिफ्ट की सुविधा दी गई है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में बड़ी कैंटीन, गाड़ियों के लिए अलग पार्किंग और यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित वेटिंग रूम की व्यवस्था की गई है। स्टेशन के बाहर दिव्यांगजनों के लिए विशेष पार्क का भी निर्माण किया गया है। मांग ये ; बस स्टैंड की ओर टिकट खिड़की बनाई जाए नए रेलवे स्टेशन को लेकर शहरवासियों में खुशी का माहौल है। हालांकि, शहर की विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों की ओर से कुछ मांगें भी सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ है, ऐसे में बस स्टैंड की ओर टिकट खिड़की और एक बड़ा प्रवेश द्वार बनाया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। इसके साथ ही लंबे समय से शहरवासियों की मांग है कि गाड़ियों में स्पेशल भरने के लिए मौजूद प्लेटी को शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए। इस मुद्दे को लेकर बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी लोकसभा में आवाज उठाई थी। स्थानीय संस्थाओं और नेताओं की ओर से भी इस मांग को लगातार दोहराया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *