रेलवे स्टेशन के पास सट्‌टा खिलाते हुए एक गिरफ्तार

भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में अवैध जुआ और सट्टा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुराना माल धक्का रेलवे स्टेशन के पास सट्टा पट्टी लिखते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सट्टा सामग्री सहित नकदी और मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना महासमुंद पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास पुराना माल धक्का क्षेत्र में एक व्यक्ति सट्टा खिला रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी केशव राम ध्रुव (26) निवासी वार्ड नं. 19, बढ़ई पारा को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 नग ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 1 नग सट्टा पट्टी जिसमें 1020 का सट्टा अंक लिखा हुआ था, नगदी रकम 1380 और एक डॉट पेन, कुल 4,905 रुपए को जब्त किया। पुलिस ने आरोपी केशव राम ध्रुव के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। चूंकि यह मामला गैर-जमानती है, इसलिए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध नशे और जुआ-सट्टे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *