भास्कर न्यूज | अमृतसर रेलवे स्टेशन परिसर में बंद पड़े रेल कोच रेस्टोरेंट को दोबारा खोलने के लिए रेलवे की ओर से फिर से टेंडर कॉल किए गए है, लेकिन किसी ने भी इसमें हिस्सा नहीं लिया। बताया जा रहा है कि रेलवे की ओर से इसकी कीमत काफी अधिक रखी गई है, जिसके चलते कोई भी फर्म इस तरफ रुख नहीं कर रही है। यहीं कारण है कि अब इसे दोबारा खोलने में काफी परेशानी भी आ रही है। रेलवे इस रेस्टोरेंट को दोबारा खोलने के लाख प्रयास कर रही है, लेकिन इसका टेंडर भरने में कोई रूचि नहीं दिखा रहा है। बता दें कि इस रेल कोच रेस्टोरेंट को बीते 5 फरवरी में पुराने ठेकेदार ने खाली कर दिया था। उसने हवाला दिया था कि काफी घाटे में उसका काम चल रहा है, िजसके चलते वह यह ठेका आगे और नहीं चला सकता। यह रेस्टोरेंट दिल्ली की एमएस अरुण एविएशन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को 5 साल के लिए ठेके पर दिया गया था। यह ठेका प्रति वर्ष 28.30 लाख रुपए के हिसाब से अलॉट हुआ था। कंपनी ने 19 सितंबर 2024 को इस रेस्टोरेंट का संचालन शुरू किया था, लेकिन करीब 2 साल बाद ही ठेकेदार ने इसे बंद कर दिया। ठेकेदार की ओर से रेलवे को दिए गए प्री-क्लोजर नोटिस में बताया गया था कि रेस्टोरेंट संचालन में भारी आर्थिक घाटा हो रहा है, जिसके चलते उसे बीच में ही ठेका छोड़ना पड़ा। 5 फरवरी को ही उसने रेल कोच रेस्टोरेंट खाली कर दिया था, जिसके बाद रेलवे इसे दोबारा खोलने के प्रयास में है।


