रेवदर उपखंड क्षेत्र में कांडला हाइवे पर रविवार रात मंडार थाना क्षेत्र की भटाना चौकी का पुलिस वाहन सोनेला गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा रात करीब 8 बजे हुआ, जब अचानक सड़क पर एक बैल आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा। वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए। गाड़ी में सवार कॉन्स्टेबल ड्राइवर हमीराराम को चोटें आई हैं। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे गफ्फार खान ने अपने परिजनों यासीन खान और इरफान खान के साथ मिलकर घायल कॉन्स्टेबल की मदद की। तीनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कॉस्टेबल को वाहन से बाहर निकाला और मंडार अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल गाड़ी में डीजल भरवाने आया था। कॉन्स्टेबल के सिर में गहरी चोट आई है जिससे उसे मंडार में प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना मिलते ही मंडार पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल की हालत स्थिर है।


