रेवदर के भामरा गांव में बिजली विभाग ने अवैध विद्युत उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कृषि कुओं पर बिना वैध बिजली कनेक्शन के उपभोग के मामले में विभाग ने संबंधित कुआं मालिकों पर आर्थिक दंड लगाया है। कार्रवाई विभाग के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों कृषि कुओं पर बिना स्वीकृत कनेक्शन के सीधे लाइन से बिजली ली जा रही थी। मामले में एक कुआं मालिक पर 37 हजार रुपए तथा दूसरे पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जुर्माना राशि नियमानुसार वसूली जाएगी। उच्च अधिकारियों ने सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को फील्ड में सक्रिय रहकर बिजली चोरी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व हानि होती है, साथ ही इसका सीधा असर ईमानदार उपभोक्ताओं पर पड़ता है। चोरी के कारण बिजली टैरिफ दरों में समायोजन का दबाव बढ़ता है, जिससे नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध कनेक्शन या सीधे लाइन से बिजली लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना विभाग को दें।


