राजस्व न्यायालय रेवदर में समन और नोटिस की तामील (प्रेषण) की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर बार एसोसिएशन रेवदर ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।
एसोसिएशन ने पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई है। बार एसोसिएशन रेवदर के सचिव भागीरथ सिंह देवड़ा ने बताया कि दीवानी प्रक्रिया संहिता, 1908 के आदेश 5, नियम 10 में समन/नोटिस की तामील का स्पष्ट प्रावधान है। इसके बावजूद न्यायालय में तामील कुनिंदा (प्रेषण अधिकारी) की नियमित और स्थायी व्यवस्था न होने से प्रकरणों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे वादी-प्रार्थी और अधिवक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सचिव ने जानकारी दी कि इस समस्या के समाधान के लिए बार एसोसिएशन रेवदर ने बुधवार को जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी को ज्ञापन दिया गया। रेवदर एसडीएम को भी पूर्व में 2 फरवरी को ज्ञापन प्रेषित किया गया था। हालांकि, अब तक स्थायी तामील कुनिंदा की व्यवस्था नहीं की गई है। अधिवक्ताओं ने न्यायहित और जनहित में निवेदन किया है कि जब तक यह व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक अदम पैरवी में फाइल खारिज न की जाए। बार एसोसिएशन रेवदर ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि राजस्व न्यायालय रेवदर में तामील कुनिंदा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होने तक अधिवक्ता अनिश्चितकालीन रूप से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस दौरान हड़ताल बरकरार रहेगी।
इस बैठक में सिरोही वकील मंडल के अध्यक्ष भवर सिंह देवड़ा, रेवदर वकील मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह देवड़ा, सचिव भागीरथ सिंह देवड़ा (लूणोल), तथा सदस्य हरि सिंह राव, महेंद्र सिंह राव, दिनेश गर्ग, प्रवीण दान चारण, लक्ष्मण सिंह नाथावत सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।


