रेवाड़ी सीआईए ने हथियार सप्लाई के मामले में एक और हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हथियार राजस्थान से होते हुए वाया गुरुग्राम होते हुए रेवाड़ी सप्लाई होते थे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
19 मई को हुई थी पहली गिरफ्तारी
इस मामले में रेवाड़ी सीआईए ने पहली गिरफ्तारी 19 मई 2021 को की थी। गुप्त सूचना पर पुलिस ने गांव खरसानकी निवासी सचिन उर्फ मोनू को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया था। पुलिस को आरोपी के पास से दो देशी पिस्टैल और एक जिंदा कारतूस मिला था।
पूछताछ में गुरुग्राम से जुड़े थे तार
पुलिस पूछताछ में मोनू ने बताया था कि उसने यह हथियार गुरुग्राम के खंडेवला निवासी अमित कुमार उर्फ डैंजर से खरीदे थे। जिसके बाद पुलिस ने रामपुरा थाना में केस दर्ज कर अमित कुमार उर्फ डेंजर को गिरफ्तार किया था। डैंजर से पूछताछ में राजस्थान खैरथल के तिजारा निवासी सचिन और मोनू का नाम सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे इस केस से जुड़े दूसरे आरोपियों का पता लगाया जा सके।


