रेवाड़ी के कोसली में पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। जो लूट की योजना बनाने वाले गिरोह को अवैध हथियार उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर के गांव रूध ईकरन निवासी जगदीश व बेटे रामेश्वर उर्फ पिन्कू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बताया कि गत 10 दिसंबर की रात सीआईए-3 कोसली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बेरली-देहलवास नहर के पास एक ट्यूबवेल की कोठरी में संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद सीआईए की टीम मौके पर पहुंची तो, वहां मौजूद लोग आपस में लूट की किसी वारदात को अंजाम देने के बारे में बातचीत करते हुए मिले। उनकी बातचीत सुनने के बाद सीआईए की टीम ने वहां मौजूद पांच लोगों को मौके पर ही दबोच लिया। 5 देसी कट्टे, 18 जिंदा कारतूस हुए थे बरामद पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5 देसी कट्टे, 18 जिंदा कारतूस, दो टॉर्च व चोरी करने के कई औजार व 1 इको गाड़ी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जाटूसाना में लूट की योजना बनाने के तहत मामला दर्ज करके देवेंद्र उर्फ सुभाष उर्फ मोटा, राज, मुकेश उर्फ रामू उर्फ भोपाल, जगदीश उर्फ लंबू उर्फ लाली व प्रेमपाल उर्फ लीला को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जिसने बताया गया कि उन्होंने जगदीश व बेटे रामेश्वर उर्फ से हथियार खरीदे थे।


