रेवाड़ी पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर कार मैकेनिक से ठगी करने करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति को फोन कर इसे नौकरी लगवाने का झांसा दिया और 96 हजार 219 रुपए ठग लिए। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान पंजाब के जिला मुक्तेश्वर के गांव राता डिब्बा के रहने वाले बलजीत के रूप में हुई। पीड़ित हीरालाल ने 9 सितंबर को दर्ज शिकायत में बताया था कि 4 सितंबर को एक अनजान नंबर से उसे कॉल आया। फोन करने वाले ने नौकरी लगवाने का वादा किया। सात बार में मांगे पैसे आरोपी ने पहले 1100 रुपए मांगे। फिर मेडिकल कार्ड और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर सात बार में कुल 96 हजार 219 रुपए ले लिए। पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत की। थाना शहर रेवाड़ी में मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।


