शहर के पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर सामाजिक न्याय के विश्व दिवस की थीम पर लगाया गया। शिविर के तहत स्वयंसेवकों ने गोद ली बस्तियों में रैली निकालकर सामाजिक न्याय के प्रति लोगों को जागरूक किया। शिविर की थीम सामाजिक न्याय का विश्व दिवस रही। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाओं ने गोद ली बस्तियों में सामाजिक न्याय विषय पर जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने सामाजिक न्याय के नारों के माध्यम से आमजन को संदेश दिया। सभी स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाएं तेजाजी मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी दिनेशकुमार शर्मा ने सामाजिक न्याय विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय की अवधारणा आज से नहीं, बल्कि आजादी से पहले से ही हमारे समाज में विद्यमान रही है। हमारे महापुरुष स्वामी दयानंद सरस्वती, ज्योतिबा फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर और ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।


