रोजगार उत्सव में 607 को नियुक्ति-पत्र दिए:सियाम ऑडिटोरियम में पीएम कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, लोकसभा अध्यक्ष रहे मौजूद

कोटा के नयापुरा स्थित सियाम ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अजमेर से प्रसारित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश को 16 हजार 600 करोड़ रुपए से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसके साथ ही 9 से 14 साल की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। कोटा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 607 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। मंच पर प्रतीकात्मक रूप से 10 कार्मिकों को नियुक्ति-पत्र और किट सौंपी गई। इनमें पंचायती राज, पशुपालन, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अभ्यर्थी शामिल रहे। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, कलेक्टर पीयूष समारिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से प्रकाशित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की “युवाओं के नाम पाती” और “आगे बढ़ता राजस्थान” पुस्तिका का भी वितरण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *