भास्कर न्यूज | अमृतसर मोहाली की मोमोज फैक्टरी में कुत्ते का कटा सिर मिलने के बाद अमृतसर में भी फूड सेफ्टी विभाग एक्टिव हो गया है। पहले दिन विभाग की विशेष टीम ने गंदगी भरे माहौल में चांप तैयार कर रही अनगढ़ इलाके की दो फैक्टरियों को सील कर दिया गया। दोनों फैक्टरियां गंदे नाले के बिलकुल किनारे पर हैं। इसके बावजूद यहां सफाई को कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा था। दोनों फैक्टरियों से रोजाना शहर में चार क्विंटल चांप सप्लाई हो रही थी, जो कि अलग-अलग इलाकों की रेहड़ियों के जरिए लोगों पेट तक पहुंच रही थी। इसके अलावा टीम ने चांप और मोमोज के एक होलसेलर का चालान काट कर सैंपल भरे हैं। दुकानदार के पास फूड सेफ्टी लाइसेंस भी नहीं था। गौरतलब है कि पंजाब फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कमिश्नर आईएएस दिलराज सिंह और डीसी साक्षी साहनी के निर्देश पर एसएसपी विजिलेंस लखबीर सिंह और सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर की ओर से खाने की चीजें बनाते वक्त सफाई का प्रबंध न रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई को विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम की अगुवाई सहायक कमिश्नर फूड रजिंदरपाल सिंह कर रहे हैं, जबकि फूड सेफ्टी अफसर अमनदीप सिंह, सतनाम सिंह, पुलिस की विजिलेंस विंग के इंस्पेक्टर शरणजीत सिंह और गुरसेवक सिंह इस टीम के सदस्य हैं। टीम ने वीरवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। रामबाग के होलसेलर के पास फूड सेफ्टी लाइसेंस भी नहीं था। सामान का रखरखाव भी गंदगीभरा था। इस पर चालान काटा गया और सैंपल सील किए गए। इसके बाद अनगढ़ इलाके में दो चांप बनाने वाली फैक्टरियों पर छापा मारा गया। वहां भी गंदगी भरे में माहौल में सामान तैयार हो रहा था। यह फैक्टरी बिना लाइसेंस के ही चलाई जा रही थी। दोनों फैक्टरियों को सील कर दिया गया। चांप के सैंपल लिए गए। कुल पांच सैंपल भरे गए। सभी सैंपल जांच के लिए स्टेट लैबोरेटरी खरड़ भेजे गए हैं।