भास्कर न्यूज | अमृतसर रोटरी क्लब ऑफ अमृतसर द्वारा लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय अमृतसर क्लब में आयोजित इस समागम की अध्यक्षता क्लब के प्रधान महेंद्र पाल शर्मा और सचिव मनजीत सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटेरियन रीटा शर्मा और गुरविंदर कौर द्वारा प्रस्तुत मधुर गीतों से हुआ, जिन्होंने ‘तस्वीर तेरी दिल में’ और अन्य गीतों के माध्यम से शाम को खुशनुमा बना दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह गांधी ने सदस्यों को लोहड़ी के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने युवा पीढ़ी की बदलती आदतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युवा अपनी गौरवमयी पंजाबी संस्कृति और रीति-रिवाजों से दूर होते जा रहे हैं। गांधी ने जोर देकर कहा कि युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर निकालकर अपने कल्चर से जोड़ना अनिवार्य है। इससे पूर्व, सचिव मनजीत सिंह ने क्लब द्वारा किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की रिपोर्ट साझा की। इस अवसर पर सहायक गवर्नर गुरमीत सिंह हीरा, निर्मल सिंह आनंद, डॉ. तेजपाल सिंह और पूर्व पार्षद इकबाल सिंह शैरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोहड़ी पर्व के दौरान बीबीके डीएवी कालेज फार वुमन की पूर्व प्रिंसिपल नीलम कामरा, प्रो. किरण गुप्ता ने रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण की। अंत में प्रधान महेंद्र पाल शर्मा ने वरिष्ठ सदस्य सुर्दशन कपूर, दलजीत सिंह अरोड़ा, टैक्सटाइल मैन्यूफेकचर्स एसोसिएशन के महासचिव राजीव खन्ना, सुरेंद्र सिंह गांधी, गुरमीत सिंह हीरा, अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया।


