सेवर थाना क्षेत्र के मथुरा बाईपास स्थित मुरवारा कट पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। अलवर की ओर जा रही लोहागढ़ आगार की रोडवेज बस संख्या आरजे-05-पीए-7073 ने छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जानकारी के अनुसार मोनिका कुमारी पुत्री शिवनारायण प्रजापत निवासी मुरवारा, आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह दोपहर के समय साइकिल से जा रही थी, तभी मुरवारा कट के पास बस ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।


