भास्कर न्यूज| रायगढ़ पुलिस ने गोरखा गैरेज से चोरी हुई हाइवा वाहन की गुत्थी को सुलझाते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई गाड़ी समेत करीब 6 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है। पतरापाली निवासी राजेन्द्र दुबे ने 13 अप्रैल को हाइवा क्रमांक सीजी 13 यूएफ 1265 की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गाड़ी मरम्मत के लिए गोरखा स्थित गैराज में खड़ी थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मो. सुफियान अहमद को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने मो. हसनैन, संदीप कुमार और मो. शाहिद के साथ मिलकर वाहन चोरी की और झारखंड में जावेद अंसारी को 2 लाख में बेच दिया। पुलिस की विशेष टीम ने संदीप को रायगढ़ से तथा मो. हसनैन और शाहिद को लातेहार(झारखंड) से गिरफ्तार किया। चुराई गई गाड़ी झारखंड के एक यार्ड से बरामद हुई, जिसे आरोपी जावेद और मुमताज आलम ने काटने की तैयारी कर रखी थी। दोनों फरार हैं और तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और चोरी की संपत्ति खरीदी की धाराएं लगाई गई हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।


