रोहित पवार ने एविएशन मिनिस्टर को हटाने की मांग की:बोले- नायडू VSR के मालिकों के करीबी, अजित पवार प्लेन क्रैश मामले में कंपनी को बचा रहे

शरद गुट की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने बुधवार को सेंट्रल एविएशन मिनिस्टर के. राममोहन नायडू को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नायडू VSR कंपनी को बचा रहे हैं। रोहित ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- जिस VSR कंपनी का लियरजेट विमान 28 जनवरी को बारामती में क्रैश हुआ, उसे बचाने की कोशिश हो रही है। एविएशन मिनिस्टर नायडू और उनकी पार्टी (तेलुगु देशम पार्टी) के सीनियर लीडर कंपनी के मालिकों के करीबी हैं। रोहित पवार ने कहा कि VSR मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और आंध्र प्रदेश के कई TDP नेता शामिल हुए थे। उन्होंने दावा किया कि कंपनी अब भी संचालन कर रही है और नेता उसके लियरजेट विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। रोहित बोले- कुछ लोग शरद गुट से विलय की अटकलों से नाखुश थे रोहित ने कहा- हादसे के पीछे दो कारण हो सकते हैं। एक, शरद पवार की अगुवाई वाली NCP (SP) का अजित के साथ विलय करके NDA में शामिल होने की अटकलें और दूसरी यह कि अजित विलय के बाद NDA छोड़ सकते हैं। कुछ लोग दोनों ही अटकलों से नाखुश थे। पुणे के बारामती में 28 जनवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित 5 लोगों की प्लेन क्रैश में मौत हुई थी। अजित की पत्नी और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को CM देवेंद्र फडणवीस से मिलकर मामले की CBI जांच की मांग की थी। एविएशन मिनिस्ट्री का दावा- प्लेन का ब्लैक बॉक्स डैमेज हुआ सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने मंगलवार को बताया था कि अजित पवार के प्लेन का ब्लैक बॉक्स (दो फ्लाइट रिकॉर्डर) हादसे में डैमेज हुआ है। मंत्रालय के मुताबिक, मामले की जांच कर रही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने कहा है कि क्रैश होने के बाद प्लेन में आग लग गई। तेज गर्मी के कारण ब्लैक बॉक्स को नुकसान पहुंचा। मिनिस्ट्री ने बताया कि AAIB ने प्लेन में लगे दो इंडिपेंडेंट फ्लाइट रिकॉर्डर में शामिल डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) का डेटा फ्लाइट रिकॉर्डर लेबोरेटरी में सफलतापूर्वक डाउनलोड किया है। इस रिकॉर्डर को L3-कम्युनिकेशंस ने बनाया है। अमेरिकी कंपनी हनीवेल का बनाया कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की डिटेल्ड टेक्निकल जांच की जा रही है। इसका डेटा रिकवर करने के लिए कंपनी से मदद मांगी गई है। ब्लैक बॉक्स जलने के दावे पर NCP (शरद) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने कहा कि ब्लैक बॉक्स भीषण आग और धमाकों से सुरक्षित रह सकता है, लेकिन महाराष्ट्र की राजनीति से नहीं। एक्सपर्ट्स बोले- ब्लैक बॉक्स जलना नामुमकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ब्लैक बॉक्स लगातार 1 घंटे तक 1100° डिग्री और 10 घंटे तक 260°​ डिग्री टेम्परेचर झेल सकता है। बारामती में विमान जमीन से कुछ फीट ऊंचाई पर था। आग सीमित थी। बॉक्स का पूरी तरह से जल जाना असंभव है। सुनेत्रा पवार ने CBI जांच को लेकर CM से मुलाकात की अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और NCP नेताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर बारामती विमान हादसे की CBI जांच की मांग की। सुनेत्रा के साथ उनके बड़े बेटे पार्थ पवार, NCP नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, हसन मुश्रीफ भी थे। सुनेत्रा ने CBI जांच की मांग को लेकर CM को एक पत्र सौंपा। तटकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय से बात करने का भरोसा दिया है। DGCA बोला- CVR की तकनीकी जांच जारी केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (DGCA) ने मंगलवार को बताया था कि बारामती प्लेन क्रैश की जांच AAIB को सौंपी गई है। मंत्रालय ने कहा- हादसे की जांच दुर्घटना और घटना जांच नियम, 2017 और ICAO Annex-13 के इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के तहत की जा रही है। AAIB ने कहा कि जांच पूरी तरह तकनीकी और नियमों के अनुसार की जा रही है, ताकि निष्पक्ष और सबूत आधारित निष्कर्ष निकाला जा सके। ब्यूरो ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक सभी लोग अटकलों से बचे रहें। जांच की डिटेल जल्द ही शेयर की जाएगी। हादसे के दूसरे दिन मिला था प्लेन का ब्लैक बॉक्स 28 जनवरी की सुबह VSR वेंचर्स कंपनी का लेयरजेट 45 प्लेन बारामती में क्रैश हुआ था। इसका ब्लैक बॉक्स अगले दिन बरामद किया गया था। इसी में ब्लैक बॉक्स में फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर भी है। अजित पवार VSR वेंचर्स कंपनी की लेयरजेट 45 प्लेन सुबह 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुए थे। लगभग 8:45 बजे प्लेन क्रैश हो गया। पवार स्थानीय निकाय चुनावों से पहले अपने होमटाउन बारामती में चार चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले थे। ब्लैक बॉक्स क्या होता है, 4 ग्राफिक्स और 6 सवाल-जबाव में जानिए… ब्लैक बॉक्स से संबंधित 6 जरूरी सवाल-जवाब 1. इसे ब्लैक बॉक्स क्यों कहते हैं? “ब्लैक बॉक्स” नाम को लेकर कई बातें कही जाती हैं। एक मान्यता है कि पहले इसके अंदर का हिस्सा काला होता था, इसलिए इसे यह नाम मिला। दूसरी राय यह है कि हादसे के बाद आग से जलकर इसका रंग काला हो जाता है, इसलिए लोग इसे “ब्लैक बॉक्स” कहने लगे। 2. ब्लैक बॉक्स दिखता कैसा है? ब्लैक बॉक्स असल में ओरेंज रंग का होता है और बॉक्स जैसा नहीं दिखता। यह अलग-अलग आकार का हो सकता है—जैसे गोल, बेलनाकार या गुंबद जैसा। इसका आकार इतना बड़ा होता है कि प्लेन के मलबे में आसानी से मिल सके। 3. ब्लैक बॉक्स को हादसे के बाद कैसे खोजते हैं? अगर विमान पानी में गिरता है तो ब्लैक बॉक्स का अंडरवाटर बीकन पानी छूते ही सिग्नल भेजना शुरू कर देता है। अगर हादसा जमीन पर होता है तो इसका चमकीला नारंगी रंग इसे ढूंढने में मदद करता है। 4. कैसे बचाता है डेटा? ब्लैक बॉक्स को विमान के सबसे सुरक्षित हिस्से, आमतौर पर टेल सेक्शन में रखा जाता है। यह टाइटेनियम या स्टेनलेस स्टील से बना होता है। 1100 डिग्री सेल्सियस तापमान व समुद्र की गहराई में दबाव को झेल सकता है। पानी में गिरने पर यह 14,000 फीट गहराई तक से सिग्नल भेज सकता है। 5. ब्लैक बॉक्स मिलने में समय लग सकता है? कुछ हादसों में ब्लैक बॉक्स ढूंढने में बहुत समय लगता है। कई बार ऐसा भी हो सकता है कि नहीं मिले। उदाहरण: 5. भारत में जांच कहां होती है? दिल्ली में हाल ही में DFDR CVR लैब की शुरुआत हुई है, जहां ब्लैक बॉक्स से डाटा निकाला और एनालिसिस किया जा सकता है। यहीं पर इस ब्लैक बॉक्स की जांच भी की जाएगी। ………………. महाराष्ट्र डिप्टी सीएम प्लेन हादसे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… महाराष्ट्र डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन: बारामती में लैंडिंग के दौरान गिरकर खाक, सभी 5 सवार मारे गए महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *