रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग केस में एक्शन:मुंबई पुलिस ने आरोपियों पर MCOCA लगाया, मामले में अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानून महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) लगाया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह फायरिंग जुहू में स्थित रोहित शेट्टी की बिल्डिंग पर हुई थी। समाचार एजेंसी PTI को एक अधिकारी ने बताया, “कुछ आरोपी पहले से ही गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं। इसलिए इस केस में MCOCA की धाराएं लगाई गई हैं।” क्या है MCOCA?
बता दें कि महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA), 1999 संगठित अपराध और अपराध सिंडिकेट पर कड़ी कार्रवाई के लिए बनाया गया कानून है। धारा 3 के तहत संगठित अपराध, साजिश, मदद या सिंडिकेट की सदस्यता पर सख्त सजा का प्रावधान है, जिसमें आजीवन कारावास तक शामिल हो सकता है। धारा 4 बेनामी या अपराध से अर्जित संपत्ति पर दंड और कुर्की की अनुमति देती है। धारा 9 विशेष अदालतों को सुनवाई का अधिकार देती है। धारा 18 पुलिस के सामने दिए बयान को सबूत मानती है। धारा 19 गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। धारा 23 में MCOCA लगाने से पहले वरिष्ठ अधिकारी की मंजूरी जरूरी है। जमानत कठिन और चार्जशीट के लिए 180 दिन तक समय मिल सकता है। रोहित शेट्टी की बिल्डिंग पर फायरिंग हुई थी बता दें कि 31 जनवरी की देर रात करीब 12:45 बजे जुहू इलाके में रोहित शेट्टी की नौ मंजिला बिल्डिंग की पहली मंजिल पर कम से कम पांच राउंड फायरिंग की गई थी। एक गोली बिल्डिंग के अंदर मौजूद जिम के कांच पर लगी। पुलिस ने अब तक मामले में आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18), स्वप्निल सकत (23) और असराम फसाले को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में लॉरेंस गैंग का सदस्य शुभम लोंकर वांटेड है। उसने कथित तौर पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। कथित तौर पर शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट की फेसबुक पोस्ट में लिखा गया था, सभी भाइयों को आज जो ये मुंबई में (शेट्टी टावर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, हरमन संधू हम लेते हैं। हमने इसको बहुत बार मैसेज लगाया कि हमारे काम में दखल ना दे, लेकिन इसको समझ में नहीं आया। इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर इसने आगे फिर हमारी बात नहीं समझी और हमारी बात नहीं मानी, तो अब घर के बाहर नहीं, अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी, इसकी छाती पर। इसी पोस्ट में आगे लिखा था, और आगे बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा। तुम्हारा बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन कर रखा है, या तो टाइम रहते लाइन पर आ जाओ, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। और जितने भी हमारे दुश्मन हैं, तैयार रहो, जल्दी ही मुलाकात होगी तुमसे। नोट- एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा लॉरेंस बिश्नोई गैंग।
कौन है शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई?
शुभम लोंकर लॉरेंस गैंग का एक प्रमुख “की ऑपरेटिव” माना जाता है। शुभम एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (अक्टूबर 2024) का मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता है। उसने फेसबुक पर उस हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। वहीं, आरजू बिश्नोई को गैंग का एक सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जो सोशल मीडिया और धमकियों के जरिए गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में मदद करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *