लंबित राजस्व प्रकरणों का 30 जून तक निराकरण के आदेश

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए एक वर्ष से अधिक समय तक लंबित प्रकरणों का निराकरण 30 जून 2025 तक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग प्रकरणों के निराकरण में सुधार लाए, एक साल से अधिक समय तक कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। सभी एसडीएम और तहसीलदारों के कार्यों की कड़ी निगरानी रखें और प्रकरणों का निराकरण कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हर सप्ताह निराकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी शिकायतों का विधिवत जांच कराकर संबंधित पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शिकायतों पर कार्यवाही में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को संरक्षण न दिया जाए, अन्यथा संरक्षण करने वाले अधिकारी पर भी कार्यवाही की जा सकती है। कलेक्टर ने समाधान शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समाधान शिविरों में 3-4 हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को जानकारी तत्काल मिल सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, मिथलेश डोंडे सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *