लखनऊ में पीजीआई में 23 मार्च 2023 में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसकी पत्नी ने थाने पर सुनवाई न होने पर कोर्ट के आदेश पर देवर और एक प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। प्रॉपर्टी डीलर से मीटिंग के बाद घर आते ही हो गई थी मौत
कल्ली पश्चिम अमोल गांव निवासी विजय लक्ष्मी ने बताया कि 23 मार्च 2023 को उनके पति सियाराम को देवर बच्चन और प्रॉपर्टी डीलर राम सागर साथ ले गए थे।
उन्होंने एक प्रॉपर्टी की बिक्री को लेकर उन्हें बुलाया था। रात करीब आठ बजे सियाराम घर लौटे। घर आते ही उनको उल्टी शुरू हो गई और मुंह से झाग निकलने लगा।
डॉक्टर के पास ले जाते उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। विजय लक्ष्मी का आरोप है कि प्रॉपर्टी की लालच में बच्चन और राम सागर ने मिलकर उनके पति को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने घर से निकाला
पीड़िता ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए यह भी बताया कि पति की मौत के बाद 11 अप्रैल 23 को ससुराल वालों ने तीन बेटियों के साथ घर से निकाल दिया।
8 मई को उन्होंने चौकी और थाने पर शिकायत की, सुनवाई न होने पर अधिकारियों को पत्र लिखे। कहीं न्याय न मिलने पर कोर्ट की शरण ली।
पीजीआई पुलिस के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर बच्चन उर्फ श्रीराम और राम सागर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


