लगातार हो रही उपेक्षा से कार्यकर्ता निराश, भाजपा भी अब चलने लगी है कांग्रेस की राह

लगातार हो रही उपेक्षा से कार्यकर्ता निराश, भाजपा भी अब चलने लगी है कांग्रेस की राह
जिला चिकित्सालय भवन का लोकार्पण का मामला
संतोष कुमार झा आर्यावर्त समाचार
अनूपपुर।
पिछले डेढ़ दषक से बहुप्रतिक्षित जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का लोकार्पण कार्यक्रम गत दिवस 27 अप्रैल को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान और इसके बाद वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की नाराजगी देखी गई। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री  दिलीप अहिरवार ने 27 अप्रैल वैशाख अमावस्या के दिन स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल, अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष अंजूलिका सिंह, जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ,कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, सीईओ जिला पंचायत तन्यम वशिष्ठ शर्मा के साथ अन्य लोगों की उपस्थिति मे बने 1729.24 लाख रुपए से निर्मित जिला चिकित्सालय नवीन भवन का लोकार्पण किया। मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार एवं मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने 1729.24 लाख रुपए से निर्मित जिला चिकित्सालय मातृ एवं शिशु विभाग के नवीन भवन का लोकार्पण किया।
वर्षों बाद बना जिला अस्पताल
जिला मुख्यालय में भाजपा के दो नेताओं की आपसी खींचतान के चलते जिला अस्पताल का निर्माण लगभग पन्द्रह साल विलंब से मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह के प्रयास से पूरा हो पाया। इसके निर्माण को लेकर तमाम संघर्ष किया गया। पूर्व प्रभारी मंत्री संजय पाठक के कार्यकाल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक नेता के इशारे पर पार्टी लाइन से बाहर जाकर इंदिरा चौक में धरना- प्रदर्शन किया। परिणाम ये हुआ कि उन सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पार्टी की मुख्य धारा से किनारे लगा दिया गया। उन्हें आज तक संगठन या सरकार में कोई दायित्व नहीं दिया गया।
नेताओं की अनदेखी कार्यकर्ता उपेक्षित
कुछ नेताओं की खुराफात और शीर्ष खींचतान के कारण अब संगठन के कार्यक्रमों और लोकार्पण भूमिपूजन जैसे आयोजनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं , पदाधिकारियो को नहीं बुलाया जाता। अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण मंडल में कल प्रभारी मंत्री ने एक सब स्टेशन का लोकार्पण किया।जिसकी सूचना वहाँ के मण्डल अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियो को नहीं दी गयी। जिससे नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री की उपस्थिति वाले इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के तथाकथित देवतुल्य कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की तब हद हो गयी जब जिला मुख्यालय में निर्मित जिला अस्पताल के लोकार्पण में सांसद हिमाद्री  सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास पुरी, मीसाबंदी मूलचंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता सत्येन्द्र सिंह परिहार, वासुदेव जगवानी, मनोज द्विवेदी, प्रेम नाथ पटेल, ब्रजेन्द्र पंत, उमेश पटेल, कृष्णानंद द्विवेदी, अरुण सिंह, गजेन्द्र सिंह, कमलेश पिन्टू तिवारी सहित किसी वरिष्ठ नेता ,कार्यकर्ता को आमंत्रित नहीं किया गया। आरोप लगाए जा रहे है कि ऐसा कुछ नेताओं के इशारे पर किया गया।
पत्रकारों को भी आमंत्रण नहीं
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लोकार्पण का उन्हे कोई आमंत्रण किसी ने नहीं दिया। इसके बाद भी जब कुछ पत्रकार समाचार कव्हरेज के लिये गये तो उन्हें पीछे की पंक्ति में जगह मिली। कल देर रात तक सोशल मीडिया में और जिले में इस लोकार्पण पुराण की जमकर चर्चा होती रही। देर रात भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने जिलाध्यक्ष हीरासिंह श्याम से अपनी आपत्ति दर्ज करवाई जबकि सुबह पत्रकारों ने प्रभारी मंत्री से इसकी चर्चा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *