लड़की ने पूछा- ‘वेज’ डेटिंग करेंगे या ‘नॉनवेज:एमपी में वैलेंटाइन डे पर मिल रही ‘किराए की गर्लफ्रेंड’, घूमने-फिरने के साथ दे रही इमोशनल सपोर्ट

प्यार, जो अब तक एहसास, भरोसे और रिश्तों की बुनियाद माना जाता था, अब वह एमपी में ‘पैकेज’ में तब्दील हो चुका है। यह एक ऐसा सौदा है जो घंटों और दिनों के हिसाब से तय होता है, और वैलेंटाइन डे जैसे खास मौकों के लिए इसके रेट अलग होते हैं। भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम ने ऐसे ही किराए की गर्लफ्रेंड देने वाले रैकेट के नेटवर्क को एक्सपोज किया है। सोशल मीडिया के जरिए चलने वाला ये नेटवर्क न केवल डेट पर जाने के लिए कॉलेज की छात्राएं और युवतियों को भेजता है, बल्कि इमोशनल सपोर्ट देने और सोशल मीडिया पर परफेक्ट कपल की तस्वीर पेश करने के लिए भी अच्छा खासा चार्ज करता है। एमपी के दोनों बड़े शहर इंदौर और भोपाल में किराए की गर्लफ्रेंड देने वाले रैकेट चल रहे हैं। भास्कर की टीम ने कस्टमर बनकर सोशल मीडिया पर ऐसे ही एक नेटवर्क से संपर्क किया। नेटवर्क चलाने वाले शख्स ने भास्कर रिपोर्ट को इंदौर बुलाया। यहां पहुंचकर पता चला कि पढ़ने वाली युवतियों को वर्क फ्रॉम होम जॉब का झांसा देकर रैकेट में शामिल किया जाता है। भास्कर रिपोर्टर की ऐसी ही एक युवती से बात हुई। उसने बताया कि उसके जैसी कई लड़कियां नेटवर्क से जुड़ी हैं। कुछ लड़कियां फन के लिए डेटिंग करती है तो कुछ पैसों के लिए। आखिर कैसे ये पूरा नेटवर्क काम कर रहा है? पढ़िए रिपोर्ट भास्कर ने कैसे किया इन्वेस्टिगेशन
हमारी पड़ताल की शुरुआत भी सोशल मीडिया के इन्हीं पेज से हुई। द इंदौर फ्रेंड पेज पर दावा किया गया था कि इंदौर में हम आपको दोस्त किराए पर देते हैं। इमोशनल सपोर्ट, मूवी, शॉपिंग या लॉन्ग ड्राइव के लिए… यह पूरी तरह सेफ और सिक्योर है।’ इसी पेज पर एक और वीडियो अपलोड था जिसमें मैसेज और भी साफ दिया गया था, अगर आप अकेले हैं और मूवी देखने जाना चाहते हैं, तो हमसे एक दोस्त बुक कर सकते हैं। हम घूमने के लिए दोस्त प्रोवाइड करते हैं’। जैसे-जैसे इस पेज को स्क्रोल किया कंटेंट और भी ज्यादा खुलकर सामने आने लगा। एक वीडियो विशेष रूप से वैलेंटाइन डे को टारगेट कर रहा था ‘इस वैलेंटाइन अगर आप अकेले हैं और आपको साथी की जरूरत है, तो चिंता किस बात की… ‘Indore Friends’ इंस्टाग्राम है ना’। इसके बाद अगली पोस्ट में एक सीधा ऑफर था ‘क्या आपको दोस्त चाहिए या गर्लफ्रेंड? आइए इस वैलेंटाइन को आपके लिए खास बनाते हैं। ‘The Indore Friends’ इंस्टाग्राम के साथ अपनी गर्लफ्रेंड बुक करें… ग्राहक बनकर रिपोर्टर की बातचीत
इस नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए, भास्कर रिपोर्टर ने ग्राहक बनकर इंस्टाग्राम आईडी पर संपर्क किया। तुरंत जवाब आया, “HI, please let us know how we can help you..” और फिर हिंदी में, “जी सर क्या मदद कर सकता हूं आपकी?” हमने उस वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा जिसमें वैलेंटाइन डे ऑफर का जिक्र था। जवाब आया, “जी सर, हम आपको एक दोस्त दिलवाते हैं, साथ मूवी देखने, कैफे डेट्स, लॉन्ग ड्राइव या नेटफ्लिक्स एन्जॉय कर सकते हैं…” रिपोर्टर: लोकेशन? सेफ है? जवाब: आप कॉल कीजिए। रिपोर्टर ने कॉन्टैक्ट नंबर मांगा, तो जवाब आया कि आप अपना वॉट्सऐप नंबर शेयर कीजिए। नंबर शेयर करने के कुछ ही देर बाद वॉट्सऐप पर मैसेज आया “क्या आप 2 मिनट कॉल कर सकते हैं? कर लीजिए, मैं 2 मिनट में सारी डिटेल बता दूंगा। क्योंकि इतना समय नहीं रहता कि चैट कर सकूं।” उस दिन बात नहीं हो पाई। अगले दिन रिपोर्टर ने दिए गए नंबर 7550xxxx80 पर कॉल किया। विक्रम: हां जी सर, बोलिए। रिपोर्टर: कल बात नहीं हो पाई आपसे। विक्रम: सर यार, बिजी शेड्यूल रहता है, बात नहीं हो पाती है, इसलिए बहुत दिक्कत आती है। बोलिए न… रिपोर्टर: वेलेंटाइन डे के लिए क्या करवा सकते हैं, क्या हो सकता है? विक्रम: 14 फरवरी? रिपोर्टर: जी। विक्रम: वेलेंटाइन डे के लिए सर, काफी बुकिंग है। पहले से एडवांस बुकिंग है हमारे पास में… शायद ही हो पाएगा। रिपोर्टर: कोशिश करके देखिए… विक्रम: सर, जो भी है, मैं तो जेनुइन बोल देता हूं यार। अगर बोलने वाला काम होता तो मैं ही आपको बोल देता कि हां, हो जाएगा… । पहले से काफी बुकिंग है। घंटे-दो घंटे की बुकिंग ले रखी है हमने… हो सकता है, मैं आगे मैडम वगैरह से बात करता हूं। जो अवेलेबल हैं, उनका फोटो मैं आपको भेज देता हूं। आप उसमें से बता दीजिए, कोई पसंद आता है तो… अभी तुरंत बता देंगे तो मैं तुरंत मैडम से आपकी बात करवा दूंगा। फिर आपका जो भी बुकिंग वगैरह रहेगा, वो कर देना। ‘वेज’ और ‘नॉन-वेज’ पैकेज का खुलासा फोटो चुनने के बाद, खुद को विक्रम सिंह राजपूत बताने वाले युवक ने रिपोर्टर को कॉल किया। उसने कहा, ‘आपने जो येलो और ब्लैक ड्रेस वाली को टैग किया है, वो दोनों एक ही लड़की है, ताकि कोई कन्फ्यूजन न हो। आप बोलें तो मैं आपकी बात करा देता हूं।’ इसके बाद उसने सीधे पैसों की बात की, बोला- मेरा 3 हजार एडवांस रहेगा। इसमें 2 हजार मेरी फीस होती है, 1 हजार मैडम की रहती है। बाकी जो बनेगा, आप 1 हजार माइनस करके उन्हें पे कर सकते हो। चाहें तो अभी कॉल पर बात करवा देता हूं।” रिपोर्टर ने पूछा कि लोकेशन इंदौर ही रहेगी या बाहर भी हो सकती है? इस पर विक्रम ने जवाब दिया, ‘फिलहाल इंदौर ही रहेगी सर। मेरा ऐसा काम नहीं है कि मैं आपको बोल दूं कि जहन्नुम में भी हो जाएगा। जो लोग नहीं भेजते, वो बोल देते हैं- भोपाल, निकोबार, दुबई… मैं जहां का हो पाएगा, वहीं का बोलूंगा। उसने भरोसा दिलाते हुए कहा, “मेरा नाम विक्रम सिंह राजपूत है, सेव कर लीजिए। एक बार मेरा वर्क यूज कीजिए, अगली बार खुद आएंगे- अपने लिए, अपने फ्रेंड के लिए।” इसके बाद विक्रम ने कहा, “मैं पहले मैडम से बात कर लूं, फिर आपको कॉन्फ्रेंस कॉल करता हूं। मैं हट जाऊंगा, आप टाइम और लोकेशन डिसाइड कर लीजिएगा।” कुछ ही देर में उसने एक लड़की को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ दिया। ‘नित्या’ ने बातचीत में बताया प्यार का रेट कार्ड अगली आवाज एक लड़की की थी, जो खुद का नाम नित्या बता रही थी। नित्या: हाय। रिपोर्टर: हेलो। नित्या: एक्चुअली आप करते क्या हैं, पूछना चाहती थी, जॉब या बिजनेस वगैरह? रिपोर्टर: जी, प्रॉपर्टी का काम है मेरा। नित्या: सो, कब का प्लान है? टुडे का… रिपोर्टर: नहीं, आज तो मैं बाहर हूं, सोच रहा हूं वैलेंटाइन डे स्पेशल हो जाए इस बार। नित्या: अच्छा… वैलेंटाइन डे सेलिब्रेट करना है… अभी तक तो सिंगल ही हैं सालों से.. ऐसा बोल सकते हैं कि तुम अखंड सिंगल हो… राइट? (जोर से हंसती है) रिपोर्टर: अभी शादी नहीं हुई। आप क्या करती हैं? नित्या: मैं जॉब करती हूं, मेरा वर्क फ्रॉम होम रहता है.. । रिपोर्टर: वैलेंटाइन डे का कोई प्रोग्राम तो नहीं है आपका? नित्या: 14 को 2 हैं मेरे, लेकिन आप बताइए आप कब फ्री हैं? मैं देखती हूं, मैनेज कर लूंगी। रिपोर्टर: आप कितना टाइम दे पाएंगी मुझे? नित्या: 4 घंटे… आई थिंक सफिशिएंट होगा आपके लिए भी… 4-5 घंटे? रिपोर्टर: ठीक है, काफी है। नित्या: (हंसते हुए) मीट वो नॉनवेज मीटिंग है या वेज मीटिंग? रिपोर्टर: (थोड़ी देर चुप) नित्या: (फिर हंसते हुए) नॉनवेज है न अपना? रिपोर्टर: हम्म। नित्या: क्या प्लान रहेगा, कितनी बजे मिलोगे आप? रिपोर्टर: शाम को 4 से 8? नित्या: हम्म, 4 बजे तक हो जाऊंगी मैं फ्री, कोई इश्यू नहीं है… आप सर को पेमेंट कर दीजिएगा, बुकिंग करा दीजिएगा.. और नॉनवेज मीट का जो मेरा रहता है, वो अलग से चार्ज करती हूं, क्योंकि वो आपका और मेरा रहता है, वो आपको ऑन द स्पॉट करना होता है… बुकिंग और एडवांस पेमेंट का खेल
जब रिपोर्टर ने विक्रम को बुकिंग के लिए फोन किया, तो उसने एक QR कोड भेजा और 3 हजार रुपए एडवांस पेमेंट करने को कहा। जब रिपोर्टर ने संदेह जताया, तो विक्रम ने वीडियो कॉल पर अपने लैपटॉप में खुली एक एक्सेल शीट दिखाई, जिसमें कई नाम और उनके आगे 15 हजार से लेकर 10 हजार तक की बुकिंग लिखी हुई थी। उसने दावा किया, “मेरे पास गुजरात तक से लोग आते हैं।” रिपोर्टर ने QR कोड की बजाय PhonePe या Google Pay नंबर मांगा, लेकिन उसने मना कर दिया। जब ‘नित्या’ की जगह ‘काव्या’ आई
पेमेंट के दो दिन बाद भी नित्या मिलने नहीं आई। उसने कभी किसी आंटी के बीमार होने का तो कभी ड्रेस न होने का बहाना बनाया। तीसरे दिन, विक्रम ने बताया कि नित्या नहीं आ पाएगी, लेकिन उसकी जगह उसकी दोस्त ‘काव्या’ आएगी। उसने रिपोर्टर को विजयनगर के एक कैफे में मिलने के लिए कहा। इस बार लड़की रिपोर्टर से पहले ही कैफे पहुंच चुकी थी। वह कम उम्र की दिख रही थी और उसके हाथ में रेड बुल का कैन था। रिपोर्टर: हाय… काव्या: हेलो। रिपोर्टर: आप तो अनन्या से ज्यादा खूबसूरत हैं… काव्या: दोस्त है मेरी अनन्या। कैसे हो, क्या चल रहा है लाइफ में? रिपोर्टर: लाइफ अभी तक तो सिंगल ही चल रही थी, सोचा इस बार वैलेंटाइन सेलिब्रेट हो जाएगा। काव्या: हो जाएगा, मैं हूं तो… रिपोर्टर: इंदौर में क्या कर रही हैं आप? काव्या: पढ़ रही हूं, और वर्क फ्रॉम होम के साथ ये भी मेरा काम है… बातचीत के दौरान काव्या ने बताया कि वह ग्वालियर से पढ़ने आई थी और भंवरकुआं में उसकी मुलाकात अनन्या (नित्या) से हुई। उसी ने उसे इस काम के बारे में बताया। जब रिपोर्टर ने विक्रम के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि वह उससे कभी नहीं मिली, लेकिन सुना है कि वह पश्चिम बंगाल से है। स्पा सेंटर और मेल एस्कॉर्ट से भी क्लाइंट का दावा इस पड़ताल के दौरान, भास्कर टीम ने इंदौर और भोपाल के आधा दर्जन स्पा सेंटरों में भी ग्राहक बनकर जांच की। लगभग हर जगह काउंटर पर बैठी महिला ने कॉलेज और हॉस्टल की लड़कियों से “अच्छी सर्विस” दिलाने का दावा किया। एक स्पा सेंटर के कर्मचारी ने तो अगले दिन एक लड़की की तस्वीर भी भेजी। इसी जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया। जब एक ऐसे ही नेटवर्क से जुड़ी युवती से 8875xxxx64 नंबर पर संपर्क किया गया, तो उसने रिपोर्टर को “Male Escort Club” का ऑफर भेज दिया। मैसेज में दावा किया गया कि हैदराबाद, दिल्ली, भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में एनआरआई और अन्य महिला क्लाइंट उपलब्ध हैं, जो एक घंटे के लिए 8 से 12 हजार रुपए तक भुगतान करती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *