बोकारो | सेक्टर-12 में रविवार की देर शाम बोकारो के कलाकारों ने सुर साम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर और मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह की याद में संगीत संध्या आयोजित कर उन्हें स्वरमयी श्रद्धांजलि दी। स्वरागिनी म्यूजिकल ग्रुप के बैनर तले लताजी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में और जगजीत सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने दोनों विभूतियों के योगदान को अविस्मरणीय बताया। गायक अरुण पाठक ने कहा कि फिल्म संगीत को अपनी अप्रतिम आवाज व बेमिसाल गायकी से सजाने के लिए लता सदैव आदर के साथ याद की जाएंगी। इसी तरह गजल गायकी में खास मुकाम हासिल करने वाले जगजीत सिंह भी संगीत प्रेमियों की यादों में रहेंगे। गायक रमण चौधरी, सोमेश मिश्रा, गायिका रंजू सिंह, स्पंदन सिंह ने प्रस्तुति दी।


