लहसुना पीडीएस गोदाम से 28 क्विंटल गेहूं चावल की चोरी
वेंकटनगर। जिले के जैतहरी जनपद की ग्राम पंचायत लहसुना के शासकीय उचित मूल्य दुकान गोदाम का चैनल गेट तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा पीडीएस गोदाम से लगभग 10.33 क्विंटल गेहूं एवं 17.43 क्विंटल चावल चोरी कर लिया गया है, चोरों ने घटना की वारदात को 26 अप्रैल की रात में अंजाम दिया है। जिसकी जानकारी सेल्समैन को 27 अप्रैल सुबह हुई। जिसके बाद सेल्समैन ने चोरी की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस को दी।
यह है पूरा मामला
जानकारी अनुसार 26 अप्रैल को लहसुना शासकीय उचित मूल्य दुकान में वेयरहाउस गोदाम से राशन हितग्राहियों को वितरित किए जाने के लिए गेहूं, चावल उतारा गया था। जहाँ 26 अप्रैल की रात पीडीएस गोदाम भवन से चोरों द्वारा गोदाम के कमरे में रखे लगभग 28 क्विंटल जिसमे गेहूं 10.33 व चावल 17.43 क्विंटल उठाकर किसी वाहन में लोड कर फरार हो गए। यह दुकान पंचायत भवन परिसर के बगल में ही संचालित है, जहां ग्रामीणों के घर ना होने से चोरो ने फायदा उठाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उचित मूल्य दुकान की सेल्समैन नेहा सोनी द्वारा दुकान में रखे गल्ला की चोरी के बारे में सर्वप्रथम अपने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी उसके बाद उक्त घटना को चौकी प्रभारी वेंकटनगर को दी जहां तत्काल मौके पर तात्कालीन चौकी प्रभारी एएसआई जय सिंह मरावी द्वारा मुआयना किया और आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अनूपपुर तथा आपूर्ति विभाग को चोरी के मामले की जानकारी दी तथा उक्त अधिकारियों के पीडीएस दुकान पहुंचने के बाद पंचनामा तैयार किया गया। यहां पाया गया कि चैनल गेट व ताला को तोडा गया। जिसके बाद पीडीएस दुकान के पीछे किसी अज्ञात वाहन में उक्त गेहूं, चावल को लोड कर किस ओर और कहां ले गए हैं इसकी तस्दीक वेंकटनगर पुलिस कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
शासकीय उचित मूल्य दुकान लहसुना में हुई चोरी की घटना के बाद रविवार दोपहर को जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा, तत्कालीन चौकी प्रभारी वेंकटनगर जय सिंह मरावी, साइबर सेल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया गया। वही चोरी की घटना पर मामला पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।


