दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में लाखों का दांव लगाते हुए 8 जुआरी गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से की है। पुलिस ने जुआ की फड़ से 2 लाख 21 हजार रुपए नगद और एक एक्सयूवी गाड़ी जब्त किया है। छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खिलवाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला को दी। एसपी ने एसीसीयू और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सीएसपी छावनी के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए भेजा। सीएसपी और उनकी टीम ने 4 मार्च की देर रात ग्राम रिंगनी नाला के पास रेड कार्रवाई की। वहां पुलिस ने वहां 8 लोगों को लाखों रुपए का जुआ में दांव लगाते हुए पकड़ा। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची जुआरी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर रखा था, इसलिए सभी लोग वहां पकड़ा गए। ये जुआरी गिरफ्तार किए गए लाखों की नगदी और गाड़ी जप्त पुलिस ने रेड कार्रवाई के दौरान जुए की फड़ से 2 लाख 21 हजार रुपये नगद, 5 बंडल 52 पत्ती ताश, 11 नग विभिन्न कंपनियों का मोबाइल, एक मक्खी माईक्रो माईक और घटना स्थल के पास के एक एक्सयूवी कार जप्त किया है। निर्मल भारती और पंकज रात्रे खिलवा रहे थे जुआ पुलिस ने कार्रवाई के बाद जब वहां पूछताछ किया तो जुआरियों ने बताया कि जुए की फड़ निर्मल भारती निवासी पथर्रा, पंकज रात्रे निवासी उमदा के द्वारा चलवाई जा रही थी। उन्होंने फड़ चलाने के लिए पुलिस से सेटिंग का दावा किया था और इसके एवज में हर एक जुआरी से जुआ की फड़ में बैठने के लिए 500 रुपए ले रहा था। इसके साथ ही वो जुए की फड़ से नाल वसूली करता था और ब्याज में जुआरियों को पैसा भी देता था। जगह जगह लगाकर रखे थे शूटर जुए की फड़ में कहीं पुलिस रेड ना मार दे इसके लिए निर्मल और पंकज ने जगह जगह शूटर तैनात कर रखे थे। उसने निखिल भारती, मानस, साहिल, आर्यन, गुलशन व दुर्गेश सहित कई अन्य लड़को को 500-500 रुपए देकर रखा था। ये लोग हर गली चौक चौराहे पर गाड़ी लेकर खड़े रहते थे। जैसे ही पुलिस या अन्य को संदिग्ध आता था ये तुरंत फोन से निर्मल और पंकज को इसकी सूचना दे देते थे।


