लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत किनामाड़ स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास एनएच-39 पर मंगलवार को एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान लातेहार के बोड़ा, सबानो निवासी पवन यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक कढ़िमा, लातेहार निवासी मुकेश यादव है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से लातेहार से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रांची से लातेहार की ओर आ रही एक कार से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। घायल युवक रांची रेफर हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, लातेहार पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने पवन यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुकेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। इधर, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। रांची से लातेहार आ रहे पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। सदर थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने बाइक और कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


